Tuesday, 1 May 2018

IPL 2018: रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने मुंबई इंडियंस को 14 रन से हराया

  Unknown       Tuesday, 1 May 2018

बैंगलोर में खेले गए आईपीएल 2018 के 31वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने मुंबई इंडियंस को 14 रन से हराकर अपनी तीसरी जीत दर्ज़ की। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 167/7 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम 153/7 का स्कोर ही बना सकी। मुंबई इंडियंस की यह आठ मैचों में छठी हार है और उनका टॉप चार में पहुंचना अब काफी मुश्किल हो गया है।  टिम साउदी को उनकी किफायती गेंदबाजी (4 ओवर में 2/25) के लिए मैन ऑफ़ द मैच चुना गया।

मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया और पांचवें ओवर में क्विंटन डी कॉक (7) आउट हो गए। पावरप्ले में स्कोर 43/1 था, लेकिन नौवें ओवर में तेज़ बल्लेबाजी कर रहे मनन वोहरा (31 गेंद 45, 4 छक्के) के आउट होने से आरसीबी को झटका लगा। 10 ओवर के बाद 82/2 था और दूसरा विकेट गिरने के बाद ब्रेंडन मैकलम (25 गेंद 37) ने कप्तान विराट कोहली (26 गेंद 32) के साथ तीसरे विकेट लिए 60 रन जोड़े, लेकिन 15वें ओवर में मैकलम के आउट होने के बाद मुंबई इंडियंस ने जबरदस्त वापसी की और 15 ओवर में जो स्कोर 123/3 था, वो 19 ओवर के बाद 143/7 हो गया था। हालाँकि आखिरी ओवर में कॉलिन डी ग्रैंडहोम (10 गेंद 23) ने तीन छक्के लगाये और 24 रन के ओवर के कारण आरसीबी का स्कोर 167 तक पहुंचा। मुंबई इंडियंस की तरफ से हार्दिक पांड्या ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए और यह सभी विकेट 18वें ओवर में ही आये। इसके अलावा जसप्रीत बुमराह, मयंक मार्कंडेय और मिचेल मैक्लेनेघन ने एक-एक विकेट लिया।

जवाब में मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही और चौथे ओवर में स्कोर 21/3 हो चुका था। इशान किशन (0), सूर्यकुमार यादव (9) और रोहित शर्मा (0) बुरी तरह फ्लॉप रहे। पावरप्ले में स्कोर 40/3 था और इसके बाद आठवें ओवर में किरोन पोलार्ड (13) भी आउट हो गए। 10 ओवर के बाद स्कोर 77/4 था और 60 गेंदों में जीत के लिए मुंबई इंडियंस को 91 रनों की जरूरत थी। 12वें ओवर में जेपी डुमिनी (29 गेंद 23) के रन आउट होने से मुंबई को एक और बड़ा झटका लगा। 14 ओवर में मुंबई इंडियंस ने पांच विकेट के नुकसान पर 100 रन पूरे किये और आखिरी 6 ओवर में 68 रन बनाने की जिम्मेदारी हार्दिक और क्रुणाल पांड्या के ऊपर थी।

दोनों ने छठे विकेट के लिए 56 रन जोड़े, लेकिन 19वें ओवर में क्रुणाल पांड्या (23) के आउट होने से मुंबई को तगड़ा झटका लगा और हार्दिक पांड्या की 50 रनों की बेहतरीन पारी के बावजूद मुंबई इंडियंस लक्ष्य से पीछे रह गई और 20 ओवर में स्कोर 153/7 रहा। आरसीबी की तरफ से उमेश यादव, मोहम्मद सिराज और टिम साउदी ने दो-दो विकेट लिए।

संक्षिप्त स्कोरकार्ड:

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: 167/7 (मनन वोहरा 45, हार्दिक पांड्या 3/28)

मुंबई इंडियंस: 153/7 (हार्दिक पांड्या 50, टिम साउदी 2/25)

logoblog

Thanks for reading IPL 2018: रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने मुंबई इंडियंस को 14 रन से हराया

Previous
« Prev Post

No comments:

Post a Comment