Thursday, 1 February 2018

SAvIND: भारत ने पहले एकदिवसीय में दक्षिण अफ्रीका को 6 विकेट से हराया, विराट कोहली का 33वां शतक

  Unknown       Thursday, 1 February 2018

डरबन में खेले गए पहले एकदिवसीय में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 6 विकेट से हराकर 6 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली है। दक्षिण अफ्रीका के 269 के जवाब में भारत ने कप्तान विराट कोहली के 33वें शतक और अजिंक्य रहाणे की लाजवाब पारी की बदौलत सिर्फ चार विकेट खोकर 46वें ओवर में हासिल कर लिया। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान फाफ डू प्लेसी का एक शानदार शतक बेकार गया। कोहली को लक्ष्य में बनाये गए एक और शतक के लिए मैन ऑफ़ द मैच चुना गया। गौरतलब है कि भारत ने आठ मैचों में पहली बार डरबन में दक्षिण अफ्रीका को हराया। दक्षिण अफ्रीका को अपने घर में लगातार 17 मैचों में जीत हासिल करने के बाद हार का सामना करना पड़ा।

दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया था और कप्तान फाफ डू प्लेसी के नौवें शतक की बदौलत 269/8 का स्कोर बनाया था। क्रिस मॉरिस ने 37, क्विंटन डी कॉक ने 34 और एंडाइल फेलुक्वेयो ने 27 रनों का योगदान दिया। भारतीय स्पिनरों ने शानदार प्रदर्शन किया और कुलदीप यादव ने तीन एवं युजवेंद्र चहल ने दो विकेट लिए। दोनों ने मिलकर 20 ओवरों में सिर्फ 79 रन दिए और दोनों ने दक्षिण अफ़्रीकी बल्लेबाजों को बाँधकर रखा।

लक्ष्य के जवाब में भारत को रोहित शर्मा और शिखर धवन ने सिर्फ 33 रनों की शुरुआत दिलाई। रोहित शर्मा 20 और उसके बाद धवन 35 रन बनाकर आउट हुए और 13वें ओवर में भारत का स्कोर 67/2 था। यहाँ से भारतीय कप्तान विराट कोहली ने अजिंक्य रहाणे के साथ तीसरे विकेट के लिए एक ऐसी साझेदारी निभाई, जिसने मेजबानों के हाथों से मैच को पूरी तरह छीन लिया। दोनों ने 189 रनों की साझेदारी निभाई और यह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे विकेट के लिए भारत की तरफ से सबसे बड़ी साझेदारी थी।

कोहली ने इस दौरान अपना 33वां शतक पूरा किया, जो भारतीय कप्तान के तौर उनका 11वां, लक्ष्य का पीछा करते हुए 20वां, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरा और दक्षिण अफ्रीका में पहला शतक है। अजिंक्य रहाणे ने 79 रनों (24वां अर्धशतक) की बेहतरीन पारी खेली और एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय में यह उनका 50 से ऊपर का लगातार पांचवां स्कोर था। जब रहाणे आउट हुए, तब भारत को जीत के लिए सिर्फ 14 रनों की जरूरत थी और फिर 45वें ओवर में कोहली भी 112 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद महेंद्र सिंह धोनी (4*) ने हार्दिक पांड्या (3*) के साथ मिलकर टीम को जीत तक पहुंचाया। धोनी ने रबाडा की गेंद पर विजयी चौका लगाया।

दक्षिण अफ्रीका की तरफ से एंडाइल फेलुक्वेयो ने 2 और मोर्ने मोर्कल ने 1 विकेट लिया।

दोनों टीमों के बीच दूसरा एकदिवसीय 4 फरवरी को सेंचुरियन में खेला जाएगा।

संक्षिप्त स्कोरकार्ड:

दक्षिण अफ्रीका: 269/8 (फाफ डू प्लेसी 120, कुलदीप यादव 3/34)

भारत: 270/4 (विराट कोहली 112, अजिंक्य रहाणे 79)

logoblog

Thanks for reading SAvIND: भारत ने पहले एकदिवसीय में दक्षिण अफ्रीका को 6 विकेट से हराया, विराट कोहली का 33वां शतक

Previous
« Prev Post

No comments:

Post a Comment