Wednesday, 28 February 2018

टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार 600 रन बनाने वाली टीमों की लिस्ट

  Unknown       Wednesday, 28 February 2018

टेस्ट क्रिकेट की शुरुआत मार्च, 1877 में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच मेलबर्न में हुए मैच से हुई थी। उसके बाद से अभी तक टेस्ट क्रिकेट ने कई उतार चढ़ाव देखे, लेकिन लगभग 140 साल बाद भी क्रिकेट का यह फॉर्मेट अपनी जगह से हिला नहीं है।

टेस्ट में अगर बड़े स्कोर का पैमाना तय करें, तो 600 का स्कोर इस मायने में सबसे सही बैठता है। वैसे टेस्ट क्रिकेट में दो बार 900 का स्कोर, एक बार 800 का स्कोर और 20 बार 700 का स्कोर भी बन चुका है। टेस्ट में सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड श्रीलंका के नाम है और उन्होंने 1997 के कोलंबो टेस्ट में भारत के खिलाफ 952/6 का स्कोर बनाया था।

टेस्ट क्रिकेट में 600 का स्कोर सबसे पहली बार ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के खिलाफ मेलबर्न में 1925 (1-8 जनवरी) बनाया था। उस मैच की पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया की टीम 600 रन बनाकर ऑल आउट हुई थी।

आइये नज़र डालते हैं टेस्ट क्रिकेट में अभी तक किन टीमों ने कितनी बार 600 का स्कोर बनाया है:

# ऑस्ट्रेलिया (34)

ऑस्ट्रेलिया ने सबसे पहली बार 600 का स्कोर जनवरी, 1925 में इंग्लैंड के खिलाफ मेलबर्न में बनाया था। उस मैच में ऑस्ट्रेलिया (600 एवं 250) ने इंग्लैंड (479 एवं 280) को 81 रनों से हराया था। ऑस्ट्रेलिया ने अभी तक चार बार 700 का स्कोर बनाया है।

एक पारी में सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड 758/8 (पारी घोषित) है, जो वेस्टइंडीज के खिलाफ जून 1955 में किंग्स्टन में बना था।

# भारत (30)

भारत ने सबसे पहली बार 600 का स्कोर फरवरी, 1979 में वेस्टइंडीज के खिलाफ कानपुर में बनाया था। भारत ने उस मैच की पहली पारी में 644/7 का स्कोर बनाया था और मैच ड्रॉ रहा था। वेस्टइंडीज ने पहली पारी में 452/8 का स्कोर बनाया था। भारत ने अभी तक चार बार 700 का स्कोर बनाया है।

एक पारी में सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड 759/7 (पारी घोषित) है, जो इंग्लैंड के खिलाफ दिसम्बर 2016 में चेन्नई में बना था।

# इंग्लैंड (20)

इंग्लैंड ने सबसे पहली बार 600 का स्कोर दिसम्बर, 1928 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में बनाया था। इंग्लैंड (636 एवं 16/2) ने उस मैच में ऑस्ट्रेलिया (253 एवं 397) को 8 विकेट से हराया था। इंग्लैंड ने अभी तक एक बार 900, एक बार 800 और एक बार 700 का स्कोर बनाया है।

एक पारी में सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड 903/7 (पारी घोषित) है, जो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही अगस्त, 1938 में ओवल में बना था।

# वेस्टइंडीज (20)

वेस्टइंडीज ने सबसे पहली बार 600 का स्कोर नवम्बर, 1948 में भारत के खिलाफ दिल्ली में बनाया था। वेस्टइंडीज (631) और भारत (454 एवं 220/6) के बीच वह मैच ड्रॉ रहा था। वेस्टइंडीज ने अभी तक चार बार 700 का स्कोर बनाया है।

एक पारी में सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड 790/3 (पारी घोषित) है, जो पाकिस्तान के खिलाफ मार्च, 1958 में किंग्स्टन में बना था।

# पाकिस्तान (15)

पाकिस्तान ने सबसे पहली बार 600 का स्कोर जनवरी, 1958 में वेस्टइंडीज के खिलाफ ब्रिजटाउन में बनाया था। वेस्टइंडीज (579/9 एवं 28/0) और पाकिस्तान (657/8) के बीच वह मैच ड्रॉ रहा था। पाकिस्तान ने अभी तक दो बार 700 का स्कोर बनाया है।

एक पारी में सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड 765/6 (पारी घोषित) है, जो श्रीलंका के खिलाफ मार्च, 2009 में कराची में बना था।

# श्रीलंका (13)

श्रीलंका ने सबसे पहली बार 600 का स्कोर अगस्त, 1997 में कोलंबो में भारत के खिलाफ बनाया था और यह स्कोर न सिर्फ उनका बल्कि टेस्ट क्रिकेट का भी अभी तक का सबसे बड़ा स्कोर है। श्रीलंका (952/6 पारी घोषित) और भारत (537/8 पारी घोषित) के बीच यह मैच ड्रॉ रहा था।

श्रीलंका ने अभी तक एक बार 900 और 5 बार 700 का स्कोर बनाया है।

# दक्षिण अफ्रीका (12)

दक्षिण अफ्रीका ने सबसे पहली बार 600 का स्कोर दिसम्बर, 1966 में जोहान्सबर्ग में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बनाया था। दक्षिण अफ्रीका (199 एवं 620) ने ऑस्ट्रेलिया (325 एवं 261) को उस मैच में 233 रन से हराया था। दक्षिण अफ्रीका ने अभी तक एक बार भी 700 का स्कोर नहीं बनाया है।

एक पारी में सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड 682/6 है, जो इंग्लैंड के खिलाफ जुलाई, 2003 में लॉर्ड्स में बना था।

# न्यूजीलैंड (7)

न्यूजीलैंड ने सबसे पहली बार 600 का स्कोर फरवरी, 1991 में वेलिंगटन में श्रीलंका के खिलाफ बनाया था। न्यूजीलैंड (174 एवं 671/4) और श्रीलंका (497) के बीच वह मैच ड्रॉ रहा था। न्यूजीलैंड ने अभी तक एक बार भी 700 का स्कोर नहीं बनाया है।

एक पारी में सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड 690 है, जो नवम्बर, 2014 में शारजाह में पाकिस्तान के खिलाफ बना था।

# बांग्लादेश (1)

बांग्लादेश ने अभी तक सिर्फ एक बार ही 600 का स्कोर पार किया है। मार्च, 2013 में गॉल में श्रीलंका के खिलाफ बांग्लादेश ने यह रिकॉर्ड बनाया था। श्रीलंका (570/4 एवं 335/4) और बांग्लादेश (638 एवं 70/1) के बीच यह मैच ड्रॉ रहा था।

 

*28 फरवरी 2018 तक कुल मिलाकर 152 बार टेस्ट क्रिकेट में 600 या उससे ज्यादा का स्कोर बन चुका है।

logoblog

Thanks for reading टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार 600 रन बनाने वाली टीमों की लिस्ट

Previous
« Prev Post

No comments:

Post a Comment